बिलासपुर। समाज में शिक्षा, नैतिकता, सामाजिक जागरूकता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जमात-ए-इस्लामी हिंद, बिलासपुर द्वारा 29 नवंबर 2026, रविवार को सिटी कॉन्फ्रेंस 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य मुस्लिम समाज सहित व्यापक सामाजिक परिवेश में शिक्षा, अच्छे आचरण, मानवीय मूल्यों और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करना है।
संगठन के अध्यक्ष वाहिद सिद्दीकी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सम्मेलन सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल सभा भवन, नगर निगम बिलासपुर में आयोजित होगा। मिशन हॉस्पिटल रोड, कंपनी गार्डन के पीछे स्थित इस सभागार में होने वाले सम्मेलन में सामाजिक और शैक्षणिक विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, अच्छे संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना आवश्यक है। इसी सोच के साथ सम्मेलन में कुरान एवं हदीस की रोशनी में वास्तविक सफलता और कल्याण की अवधारणा को समझने, हय्य अलल-फलाह के पैगाम को बेहतर जीवन से जोड़ने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने पर जोर दिया जाएगा।
सम्मेलन के प्रमुख उद्देश्य में फर्द (व्यक्ति) और मुआशरे (समाज) की इस्लामी तालीमात के अनुरूप सुधार, तालीम (शिक्षा), अखलाक (नैतिकता) और सामाजिक सतह पर फलाह के आदर्श प्रस्तुत करना, मिल्लत-ए-इस्लामिया में इकामत-ए-दीन की जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा सामूहिक प्रयासों के माध्यम से समाज के हित में काम करने की प्रेरणा देना शामिल है।
वाहिद सिद्दीकी ने कहा कि समाज की तरक्की केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों से नहीं, बल्कि शिक्षित, जागरूक, जिम्मेदार और संस्कारवान नागरिकों के निर्माण से संभव है। युवाओं और नई पीढ़ी को शिक्षा, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। ऐसे आयोजन लोगों को आत्मचिंतन करने, अपनी जिम्मेदारियों को समझने और समाज के बेहतर भविष्य के लिए एकजुट होकर प्रयास करने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने शहरवासियों, समाज के प्रबुद्धजनों, युवाओं और परिवारों से अपील की है कि वे अपने परिजनों एवं मित्रों के साथ सम्मेलन में शामिल होकर इस सकारात्मक पहल का हिस्सा बनें।